नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के सलेमपुर मार्ग स्थित हमजा कॉलोनी में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस्ती का गंदा पानी सड़क पर जमा रहने से सड़क की हालत खराब हो चुकी है और राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।मोहल्लावासियों का कहना है कि बरसात का मौसम नजदीक है। यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो जाएगी। सड़क पर जमा गंदे पानी में मच्छर व अन्य जहरीले जीव-जंतु पनप रहे हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों फैलने का खतरा बना हुआ है।मंगलवार को हमजा कॉलोनी में आई एक बारात की गाड़ी भी जलभराव के कारण रास्ते में फंस गई, जिसके चलते बारातियों को पानी में उतरकर निकलना पड़ा। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली।मोहल्लावासियों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर बरसात से पहले नाला निर्माण एवं जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।




