ललितपुर

गांव के बीच संचालित शराब ठेके के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन

सतगता की महिलाओं ने ठेका हटाने की मांग उठाई, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम सतगता में गांव के बीच संचालित देशी शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीण महिलाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि शराब ठेके के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है तथा महिलाओं और छात्राओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। ज्ञापन में महिलाओं ने बताया कि जनवरी 2025 से अब तक कई बार प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बीच स्थित शराब ठेका सामाजिक वातावरण को प्रभावित कर रहा है और इसके कारण आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न होती रहती है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब की दुकान की आड़ में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब, बीयर एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री भी की जाती है। विरोध करने पर ठेका संचालकों द्वारा अभद्र व्यवहार एवं धमकियां देने की शिकायत भी की गई है। ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि शाम होते ही शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे बहन-बेटियों एवं बुजुर्गों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मई माह में आबकारी विभाग द्वारा दुकान पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई थी, लेकिन इसके बावजूद ठेका यथास्थान संचालित हो रहा है। महिलाओं का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने शीघ्र ठेका हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीण महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शराब का ठेका गांव से बाहर स्थानांतरित नहीं किया गया तो वे जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के साथ ही मुख्यमंत्री के जनता दरबार में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाएंगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, आयुक्त झांसी मंडल, सांसद झांसी-ललितपुर एवं सदर विधायक को भी भेजी गई है। ज्ञापन पर गीता, रूपवती, रानी, मुन्नी, बिटिया, सुगीता, राजकुमारी, उमेदीबाई, अवधकुंवर, मचु सहित दर्जनों महिलाओं के हस्ताक्षर एवं अंगूठे के निशान दर्ज हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button