
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना जाखलौन क्षेत्र के मादौन-कपासी इलाके में स्थित गरेला खदान में हुए एक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में संचालित कथित अवैध खनन गतिविधियों तथा मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम मादौन निवासी निवासी अशोक पुत्र अजुद्दी सहरिया खदान में मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान कार्यस्थल पर हुए हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि लोहे की सरिया लगने से उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार हादसे में दो अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा घायलों का निजी स्तर पर उपचार कराकर उन्हें चुपचाप उनके घर भेज दिया गया। हालांकि इस संबंध में प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मादौन, कपासी, हरदारी और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध खनन का कार्य संचालित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खदानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है और मजदूरों से जोखिम भरे माहौल में काम कराया जाता है। ऐसे में हादसों की आशंका लगातार बनी रहती है। मृतक के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, पोस्टमार्टम कराए जाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध खनन की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा मामले की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों तथा जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।



