ललितपुर

मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक

ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी : डीएम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कानून एवं शांति व्यवस्था, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार मोहर्रम के दौरान कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी और पूर्व वर्षों की भांति ही आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, नगर निकायों, विद्युत विभाग तथा जल संस्थान के अधिकारियों को संयुक्त रूप से ताजिया मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर लटक रही पेड़ों की डालियों, जर्जर विद्युत तारों एवं अन्य बाधाओं को समय रहते हटाया जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी ताजिए की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी। सभी ताजिया समितियां इस नियम का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ताजिए केवल निर्धारित कर्बला स्थलों पर ही ठंडे किए जाएंगे। अन्य किसी स्थान पर ताजिया ठंडा किए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया गया कि ताजिया विसर्जन के बाद बचे अवशेषों का तत्काल निस्तारण कराया जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मोहर्रम जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, लाठी-डंडे या ज्वलनशील पदार्थों का प्रदर्शन प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने धर्मगुरुओं एवं ताजिया समितियों से अपील की कि किसी भी धार्मिक आयोजन की सूचना संबंधित थाना पुलिस को पूर्व में उपलब्ध कराएं। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह, संदिग्ध गतिविधि या अराजक तत्व की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें। बैठक में विद्युत, पेयजल, सफाई, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मोहर्रम से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में एडीएम (एफ.आर.) दिनेश कुमार, एएसपी कालू सिंह, सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद, विभिन्न क्षेत्राधिकारी, डीपीआरओ कुंवरसिंह यादव, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विजय चंद्रा, धर्मगुरु एवं जनपद के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button