पलाश ब्रांड से ग्रामीण महिलाओं को मिल रहा वैश्विक मंच, 60 लाख रुपये से अधिक का आम कारोबार
Rural women gaining a global platform through the 'Palash' brand; combined turnover exceeds ₹60 lakh.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। सीएम हेमन्त सोरेन के विज़न के तहत संचालित झारखंड मैंगो मार्केटिंग इनिशिएटिव ग्रामीण महिलाओं और किसानों के लिए आय का बड़ा स्रोत बनकर उभरा है। ‘पलाश’ ब्रांड के माध्यम से राज्य का आम अब देश के बड़े रिटेल बाजारों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच रहा है। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत राज्य में करीब 1.86 लाख एकड़ क्षेत्र में आम के बागान विकसित किए गए हैं, जिससे लगभग 2.15 लाख ग्रामीण परिवारों को आजीविका मिल रही है। इस सीजन में 52 हजार एकड़ बागान तुड़ाई के लिए तैयार हैं और करीब 50 हजार मीट्रिक टन उत्पादन का अनुमान है। सखी मंडल की महिलाएं आम के संग्रहण, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। राज्य के आमों का निर्यात यूके और यूएई तक किया जा रहा है। चालू वित्तीय वर्ष में सिमडेगा से 1,580 किलोग्राम आम लंदन तथा रामगढ़ से 1,500 मीट्रिक टन से अधिक आम दुबई भेजे गए हैं। राज्य के 115 एफपीओ को पलाश मैंगो कैनोपी काउंटरों से जोड़ा गया है। अब तक 2,24,200 किलोग्राम आम की बिक्री से ₹60.51 लाख से अधिक का कारोबार हो चुका है। बाजार विस्तार के लिए APEDA के अलावा ब्लिंकिट, रिलायंस फ्रेश और कशिश मॉल जैसे कॉर्पोरेट संस्थानों से भी साझेदारी की दिशा में पहल की जा रही है।



