
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। सहयोगिनी संस्था द्वारा कसमार प्रखंड के खैराचातर तथा टांगटोना पंचायत में किशोरियों एवं युवा महिलाओं के लिए SRHR (यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य एवं अधिकार) और स्वास्थ्य जागरूकता प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य, शिक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
शिविर में मुख्य प्रशिक्षक कुमारी मंजू ने किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक व मानसिक परिवर्तनों, मासिक धर्म स्वच्छता (Menstrual Hygiene), सही पोषण, एनीमिया की रोकथाम और व्यक्तिगत स्वच्छता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सही समय पर सही जानकारी ही युवाओं को सुरक्षित भविष्य की ओर ले जा सकती है। इसके साथ ही उन्होंने नशामुक्ति का आह्वान करते हुए किशोरियों से तंबाकू और शराब जैसी कुरीतियों के खिलाफ समाज में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
सहयोगिनी संस्था के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने बताया कि संस्था कसमार प्रखंड के 19 गांवों में किशोरी नेतृत्व क्षमता विकास को लेकर लगातार जमीन पर काम कर रही है। जागरूक और सशक्त किशोरियां ही बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव और सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने में सबसे प्रभावी हथियार साबित होंगी।
प्रशिक्षण के अंत में उपस्थित किशोरियों ने अपने-अपने गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने, बाल विवाह रोकने और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस मौके पर सहयोगिनी संस्था की एनिमेटर रेखा देवी, पुष्पा देवी सहित पायल कुमारी, टीना कुमारी, वर्षा कुमारी, मायावती कुमारी, गुलाबी कुमारी, श्वेता कुमारी, सुधा कुमारी, न्यासा कुमारी, किरण देवी और भारी संख्या में स्थानीय किशोरियां व महिलाएं उपस्थित थीं।



