बेतुल
बैतूल गौठाना की बेशकीमती शासकीय भूमि पर अतिक्रमण-पटवारी पर लगे मिलीभगत के आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। शहर से लगे गौठाना क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण और निर्माण कार्य किए जाने के आरोपों को लेकर मामला कलेक्टर कार्यालय पहुंच गया है। शिकायतकर्ता उमेश सरियाम ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही किए जाने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम गौठाना स्थित खसरा क्रमांक 164, रकबा 2.26 हेक्टेयर दर्ज शासकीय भूमि पर रुपेश आहूजा द्वारा अतिक्रमण कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। शिकायतकर्ता का दावा है कि यह निर्माण कार्य पिछले लगभग एक माह से लगातार जारी है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस पूरे मामले में गौठाना के पटवारी योगेश झरबड़े की कथित रूप से मिलीभगत है, जिसके कारण निर्माण कार्य पर रोक नहीं लगाई गई।
उमेश सरियाम ने अपने आवेदन में आशंका व्यक्त की है कि संबंधित शासकीय भूमि पर कब्जा कर उसे प्लॉटों में विभाजित कर विक्रय करने की तैयारी की जा रही है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में बैतूल टाउन क्षेत्र के इसी इलाके में सरकारी नाले की भूमि पर कथित रूप से कब्जा कर मकानों का निर्माण किए जाने के मामले सामने आ चुके हैं, और यहां पर पटवारी गोपाल महस्की और कॉलोनाइजर की मिलीभगत से नाले की जमीन बेच दी गई थी। बैतूल टाउन का यह मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है जिसे शीघ्र ही नवागत कलेक्टर के संज्ञान में लाया जाएगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार शहर के समीप स्थित होने के कारण उक्त शासकीय भूमि अत्यंत मूल्यवान है, जिसके चलते भू-माफियाओं की इस क्षेत्र में विशेष रुचि बनी हुई है। उन्होंने कलेक्टर से पूरे प्रकरण की राजस्व अभिलेखों के आधार पर जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।



