शामली

लंबित ऋण प्रकरणों पर सख्त हुए डीएम, बैंक अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला सलाहकार समिति की बैठक में स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति पर हुई समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) एवं जिला सलाहकार समिति (DCC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार एवं रोजगारपरक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बैंकों में लंबित पड़े ऋण आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बैंकवार एवं शाखावार लंबित ऋण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र आवेदकों को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि वे बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित आवेदनों में आ रही कमियों को दूर कराएं और व्यक्तिगत रुचि लेकर प्रकरणों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करें।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की स्वरोजगार योजनाओं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) तथा जिला उद्योग केंद्र द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। साथ ही विभिन्न बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों एवं पत्रावलियों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों एवं जिला समन्वयकों को निर्देश दिए कि यदि किसी शाखा को शासकीय स्तर पर किसी प्रकार की समस्या या बाधा का सामना करना पड़ रहा हो तो उसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते समाधान कराया जा सके।

बैठक में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। जिलाधिकारी ने बैंक परिसरों में अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने, सतर्कता बढ़ाने तथा सीसीटीवी कैमरों सहित सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कई बैंकों के जिला समन्वयकों की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। उन्होंने निर्देश दिया कि जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला सलाहकार समिति की बैठक प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित की जाए, ताकि योजनाओं की प्रगति की सतत निगरानी हो सके।

बैठक में लीड बैंक मैनेजर अनिल कुमार, डीडीएम नाबार्ड, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक जिला समन्वयक एवं शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button