गाजियाबाद
लोनी बोर्डर थाने के पड़ोस में छलकते जाम, जिम्मेदारों को नहीं दिखता ‘नजारा’!
होटल-ढाबों की आड़ में सजे अवैध मयखाने, शिकायतों के बावजूद कार्यवाही पर खानापूर्ति
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में इन दिनों होटल और ढाबों की आड़ में खुलेआम शराब परोसने का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। दिलचस्प बात यह है कि जिन स्थानों पर दिन ढलने से देर रात तक जाम छलकते हैं, वे पुलिस चौकी और लोनी बॉर्डर थाने से महज कुछ कदमों की दूरी पर स्थित हैं। ऐसे में सवाल यह उठना लाजिमी है कि जो नजारा आम नागरिकों को साफ दिखाई दे रहा है, वह आखिर संबंधित विभागों की नजरों से कैसे ओझल है?
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई होटल और ढाबा संचालक ग्राहकों को बैठाकर शराब पिलाने की पूरी व्यवस्था उपलब्ध करा रहे हैं। गिलास, पानी, नमकीन से लेकर वेज-नॉनवेज खाने तक का इंतजाम किया जाता है, मानो यह कोई लाइसेंसी बार हो। दिन ढलते ही इन ठिकानों पर महफिलें सज जाती हैं और देर रात तक जाम से जाम टकराने का सिलसिला जारी रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब के नशे में अक्सर इन स्थानों पर विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। विगत दिनों भी एक होटल में शराब पिलाने को लेकर झगड़ा और मारपीट की घटना सामने आई थी। इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। राहगीरों और युवतियों को भी कई बार नशे में धुत लोगों की अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों का तंज है कि शायद आबकारी विभाग और पुलिस की नजरें किसी विशेष चश्मे से संचालित होती हैं, क्योंकि जो अवैध कारोबार आम आदमी को सड़क से गुजरते हुए दिखाई दे जाता है, वह जिम्मेदार विभागों को नहीं दिखता। लोगों का आरोप है कि शिकायतें किए जाने के बावजूद कार्रवाई ना होना अपने आप में कई तरह के सवाल खड़े करता है।
बताया जाता है कि वर्षों पहले तत्कालीन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अभियान चलाकर ऐसे अवैध अड्डों पर प्रभावी रुप से अंकुश लगाया गया था। कुछ समय तक यह कारोबार बंद भी रहा, लेकिन अब फिर अपने पूरे शबाब पर लौट आया है।
पुलिस आयुक्त से मिलेगी स्थानीय नागरिकों की टीम
अवैध शराबखोरी के बढ़ते कारोबार से नाराज क्षेत्रवासियों ने जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल बनाकर पुलिस आयुक्त से मिलने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी देकर अवैध मयखानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
आबकारी अधिकारी ने दिए जांच के संकेत
आबकारी अधिकारी अनुज वर्मा ने कहा कि क्षेत्र में कुछ होटल और ढाबों पर लोगों को अवैध रूप से शराब पिलाए जाने की शिकायत मिली है। मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सवाल वही है कि जब थाने और चौकियों के आसपास ही खुलेआम जाम छलक रहे हैं, तब जिम्मेदारों की आंखों पर आखिर कैसी पट्टी बंधी है, जो यह सब दिखाई नहीं दे रहा। क्षेत्रवासी को अब इनके खिलाफ कार्रवाई का इंतजार हैं, ताकि होटल और ढाबों की आड़ में चल रहे इस अवैध कारोबार पर लगाम लग सके।


