खैरथल
योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरथल में प्रात: 6:00 बजे से
बड़ी संख्या में लोग करेंगे योगाभ्यास

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। 11वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिले का मुख्य योग कार्यक्रम पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरथल में प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा। ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों सामूहिक योगाभ्यास करेंगे।
जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने, प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने तथा अधिकाधिक जनभागीदारी के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आमजन को योग संगम पोर्टल (https://yoga.ayush.gov.in/ yoga-sangam) पर पंजीकरण के लिए प्रेरित करने तथा स्वयं भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें।
जिला स्तरीय आयोजन के प्रभारी एवं आयुर्वेद विभाग के अधिकारी अजीत बाल्याण ने बताया कि जिला मुख्यालय के साथ-साथ ब्लॉक, उपखंड, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, महाविद्यालय, विद्यालय तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया जाएगा तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक लाभों की जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा, महिलाएं एवं आमजन भाग लेंगे।
जिला कलक्टर ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की है।


