शामली
चौसाना क्षेत्र में बढ़ता चोरों का आतंक, दो स्थानों पर चोरी से दहशत
भीम आर्मी ब्लॉक अध्यक्ष के घर से नगदी व दो मोबाइल चोरी, व्यापारी भी बना निशाना
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना। चौसाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार रात कस्बा चौसाना में भीम आर्मी के ऊन ब्लॉक अध्यक्ष अंकित कुमार के घर से अज्ञात चोर दो हजार रुपये की नगदी और दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। वहीं मुख्य बाजार में एक बैटरी व्यापारी की दुकान से भी मोबाइल चोरी होने की घटना सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद लोगों में असुरक्षा का माहौल है।
कस्बा चौसाना निवासी अंकित कुमार पुत्र धर्मवीर शुक्रवार रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। पीड़ित के अनुसार रात करीब एक बजे तक परिवार के सभी सदस्य जाग रहे थे, जिसके बाद सभी सो गए। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस गए और दो हजार रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। सुबह जागने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद अंकित कुमार ने चौसाना पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
उधर, कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित मुकेश पुत्र जगपाल सिंह की बैटरी की दुकान से भी अज्ञात चोर मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। व्यापारी का कहना है कि चोरी हुआ मोबाइल काफी कीमती था। उन्होंने भी पुलिस को शिकायत देकर घटना का खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारी, किसान और आम नागरिक भयभीत हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
जनता में चर्चा, पुलिस गश्त पर उठ रहे सवाल।
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। कुछ ग्रामीणों और व्यापारियों का आरोप है कि चौकी क्षेत्र में गश्त और निगरानी पर्याप्त नहीं है, जिसके कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि शिकायतों के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
चौकी प्रभारी की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बाद क्षेत्र में यह चर्चा तेज है कि चौकी प्रभारी संदीप कुमार अपराधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई अपेक्षित स्तर की नहीं दिख रही क्षेत्र वासियों का कहना है कमजोर हाथों में चौकी की कमान है ।