
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। थाना झिंझाना क्षेत्र के गांव जिजौला में घर के बाहर खड़ी एक बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चौसाना पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पीड़ित का आरोप है कि कुछ लोगों ने बाइक चोरी कर उसे वापस दिलाने के बदले बारह हजार रुपये की मांग की है, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव जिजौला निवासी अहसान पुत्र फरजंदा ने चौसाना चौकी में पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपने भाई की आईडी पर एक बाइक खरीदी थी, जिसकी ईएमआई वह स्वयं जमा कर रहा था। पीड़ित के अनुसार 20 जून 2026 को उसके घर के सामने खड़ी बाइक अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। काफी तलाश के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं लग सका।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में गांव के ही दो युवकों ने उसे बताया कि उसकी बाइक को उठाकर सहारनपुर जनपद के तीतरो क्षेत्र में स्क्रैप के रूप में बेच दिया गया है। आरोप है कि उक्त लोगों ने बाइक वापस दिलाने के लिए उससे 12 हजार रुपये की मांग भी की। पीड़ित ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

