गाजियाबाद
लोनी की सार्वजनिक भूमि बचाने की मांग
जिलाधिकारी को सौंपा जनहित की मांगों से संबंधित प्रार्थना-पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : लोनी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार ने जिलाधिकारी गाजियाबाद को जनहित की मांगों से संबंधित प्रार्थना-पत्र देकर लोनी नगर पालिका परिषद क्षेत्र में स्थित तालाब, वन भूमि, गौचर भूमि, श्मशान भूमि, पार्क, खेल मैदान, ग्रीन बेल्ट, सड़कों और अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि का सर्वेक्षण कर अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
जिलाधिकारी को दिए अपने प्रार्थना पत्र सुरेन्द्र कुमार एडवोकेट ने मांग की है कि लोनी क्षेत्र के विभिन्न गांवों, आबादी क्षेत्रों और विकास प्राधिकरण की कॉलोनियों में मौजूद सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माणों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इससे पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सार्वजनिक स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाएं दिन-प्रतिदिन प्रभावित हो रही हैं। साथ ही भूजल स्तर में गिरावट और जल प्रदूषण की समस्या भी गंभीर होती जा रही है।
सुरेंद्र कुमार ने संविधान के अनुच्छेद 21, 48ए और 51ए (जी), उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम तथा सर्वोच्च न्यायालय के विभिन्न निर्णयों का उल्लेख करते हुए प्रशासन से सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने मांग की कि लोनी क्षेत्र की सभी सार्वजनिक भूमि का राजस्व अभिलेखों के आधार पर सर्वेक्षण, सीमांकन और भौतिक सत्यापन कराया जाए। भूमि का विवरण सार्वजनिक किया जाए तथा अवैध कब्जों और निर्माणों को हटाकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा तालाबों के पुनर्जीवन, पार्कों और ग्रीन बेल्ट में वृक्षारोपण, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा महत्वपूर्ण सार्वजनिक परिसंपत्तियों की निगरानी के लिए जिला स्तरीय समिति गठित करने की भी मांग की गई है।
प्रार्थना-पत्र की प्रतिलिपि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, उप जिलाधिकारी लोनी, तहसीलदार, नगर पालिका परिषद लोनी के अधिशासी अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा वन विभाग के अधिकारियों को भी भेजी गई है। प्रार्थी ने प्रशासन से पूरे प्रकरण में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग की है।


