दुमका

दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज में शुरू हुआ इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी सेंटर, छात्रों के नवाचारों की उपायुक्त ने की सराहना

Electric Vehicle Technology Center launched at Dumka Engineering College; Deputy Commissioner lauds students' innovations.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज में इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक के क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत हुई है। कॉलेज के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा सेंटर फॉर इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी (CEVT) का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर अत्याधुनिक ईवी केंद्र का उद्घाटन किया और छात्रों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रोजेक्ट्स व इलेक्ट्रिक वाहनों का निरीक्षण किया। छात्रों के नवाचारों को देखकर उपायुक्त ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज में ईवी सेंटर की शुरुआत विद्यार्थियों के बेहतर प्रोजेक्ट्स और तकनीकी सोच के साथ हुई है। यह गर्व की बात है कि दुमका जैसे क्षेत्र से ऐसे नवाचार सामने आ रहे हैं, जो “मेड इन झारखंड” और “मेड इन दुमका” की पहचान को मजबूत करेंगे। प्रदर्शनी में छात्रों द्वारा तैयार किए गए टोटो एम्बुलेंस और तालाब सफाई के लिए विकसित इलेक्ट्रिक प्रणाली आकर्षण का केंद्र रहे। उपायुक्त ने इन तकनीकों की उपयोगिता को देखते हुए कहा कि आगामी श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा के लिए इनके उपयोग की संभावनाओं पर काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन छात्रों के इन नवाचारों को बढ़ावा देने और इनके बड़े स्तर पर उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जनहित में नई सुविधाओं का विस्तार होगा। कॉलेज प्रशासन के अनुसार यह ईवी केंद्र इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के सत्र 2022-26 और 2021-25 बैच के अंतिम वर्ष के छात्रों के संयुक्त प्रयास से तैयार किया गया है। कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि छात्रों के ईवी प्रोजेक्ट्स को भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अधीन आयोजित भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट (BES) 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सराहना मिल चुकी है। उपायुक्त ने कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्या और सभी छात्र-छात्राओं को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह केंद्र इलेक्ट्रिक वाहन अनुसंधान और तकनीकी विकास के क्षेत्र में दुमका को नई पहचान दिलाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button