तुषार वार्ष्णेय का कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन लकी ड्रॉ द्वारा चयन भोले भक्तों में खुशी की लहर

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
चंदौसी। नगर निवासी तुषार वार्ष्णेय का श्री कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन कंप्यूटराइज्ड लकी ड्रॉ के माध्यम से चयन हुआ है। उनका चयन यात्रा के द्वितीय बैच में हुआ है। उन्हें आगामी 4 जुलाई को नई दिल्ली स्थित गृह मंत्रालय में रिपोर्टिंग एवं मेडिकल परीक्षण के लिए बुलाया गया है।
तुषार वार्ष्णेय ने बताया कि वह प्रतिवर्ष श्रद्धा भाव से बाबा अमरनाथ यात्रा पर जाते हैं। इस बार भी उनकी अमरनाथ यात्रा की 10 वी यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी थीं, लेकिन भोलेनाथ की असीम कृपा से उनका चयन कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए हो गया।
उन्होंने कहा, “मैं बाबा अमरनाथ से क्षमा प्रार्थना करता हूं। भोलेनाथ ने इस बार मुझे अपने कैलाश धाम में बुलाया है। बाबा सभी भक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखें।”
उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि करोड़ों शिव भक्तों की आस्था, श्रद्धा और भगवान भोलेनाथ के दिव्य धाम के दर्शन का परम सौभाग्य है। वहां पहुंचना प्रत्येक शिव भक्त के जीवन का एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव होता है।
तुषार वार्ष्णेय के चयन पर अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल एवं उनके परिवार की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। मंडल के अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय ‘अनु’ ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए उनका चयन होना चंदौसी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि चंदौसी से एक भक्त को भोले बाबा के निवास स्थान कैलाश धाम के दर्शन का सौभाग्य मिलना अत्यंत खुशी की बात है। उन्होंने तुषार वार्ष्णेय की सुखद एवं सफल यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर अनुज वार्ष्णेय ‘अनु’, मीरा गुप्ता, पूनम वार्ष्णेय, राहुल, अमित, उमाकांत, मोहित ठाकुर सहित परिवारजन एवं शिव भक्त उपस्थित रहे ।



