ललितपुर

अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त मनोवैज्ञानिक डा.कोमल चंद्र सराफ को भावभीनी श्रद्धांजलि

अमेरिका के ट्रेंटन नगर में निधन, श्रद्धांजलि सभा में समाज के गणमान्य लोग हुए शामिल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। ललितपुर में जन्मे एवं अमेरिका में रहकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले प्रख्यात क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और समाजसेवी डा.कोमल चंद्र सराफ का 19 जून 2026 को अमेरिका के न्यू जर्सी राज्य के ट्रेंटन नगर में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही ललितपुर सहित भारत और अमेरिका में शोक की लहर दौड़ गई। उनकी पावन स्मृति में गुरुवार को श्री पाश्र्वनाथ दिगम्बर जैन आटा मंदिर धर्मशाला में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा में दिगम्बर जैन पंचायत समिति पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठजन, सराफ परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, मित्रगण तथा लायन्स इंटरनेशनल के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और समाज के प्रति योगदान को याद किया। डा.कोमलचंद्र सराफ का जन्म ललितपुर में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा यहीं प्राप्त की तथा आगे की शिक्षा श्री वर्णी जैन कॉलेज और डीएवी कॉलेज कानपुर से ग्रहण की। इसके बाद उन्होंने रांची में अध्ययन किया और अमेरिका जाकर कैलिफोर्निया स्कूल ऑफ प्रोफेशनल साइकोलॉजी से क्लिनिकल साइकोलॉजी में पीएचडी की उपाधि हासिल की। उन्होंने करीब 45 वर्षों तक अमेरिका में क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट के रूप में सेवाएं दीं। मानसिक तनाव, अवसाद, पारिवारिक एवं वैवाहिक समस्याओं से जूझ रहे हजारों लोगों को उन्होंने परामर्श और उपचार के माध्यम से नई दिशा प्रदान की। भारतीय एवं दक्षिण एशियाई समुदाय के बीच वह एक विश्वसनीय मार्गदर्शक और सहारा के रूप में विशेष पहचान रखते थे। मानव सेवा, शिक्षा, शोध एवं क्लिनिकल साइकोलॉजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2025 में उन्हें अमेरिका का प्रतिष्ठित अल्बर्ट नेल्सन मार्किवस लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया गया था। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए लायन्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-बी2 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन सन्मति सराफ ने कहा कि डा.कोमल चंद्र सराफ केवल परिवार के सदस्य नहीं बल्कि पितातुल्य संरक्षक, मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत थे। उनके संस्कार, स्नेह और मार्गदर्शन ने परिवार के प्रत्येक सदस्य के जीवन को नई दिशा दी। डा.नीलम सराफ ने कहा कि डा.सराफ परिवार में स्नेह, विश्वास और अपनत्व के प्रतीक थे। उन्होंने सदैव परिवार को एकजुट रखा और अपने ज्ञान, सेवा तथा मानवीय मूल्यों के बल पर समाज में विशिष्ट पहचान बनाई। उनका जीवन आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। सभा में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि डा.कोमल चंद्र सराफ का संपूर्ण जीवन मानव सेवा, करुणा, ज्ञान और नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अपने कार्यों से असंख्य लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर सराफ परिवार ने भारत एवं अमेरिका से दूरभाष, संदेश, ई-मेल और व्यक्तिगत रूप से संवेदनाएं व्यक्त करने वाले सभी परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों, दिगम्बर जैन समाज एवं लायन्स इंटरनेशनल परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
2025 में मिला था प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान
क्लिनिकल साइकोलॉजी और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. कोमल चंद्र सराफ को वर्ष 2025 में अमेरिका के प्रतिष्ठित अल्बर्ट नेल्सन मार्कि्वस लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उनके दीर्घकालीन उत्कृष्ट कार्यों और समाज सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button