
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना कस्बे के थानाभवन मार्ग स्थित पेयजल टंकी की मुख्य पाइपलाइन में लगातार हो रही लीकेज के कारण हजारों लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। पिछले करीब छह माह से बनी इस समस्या के चलते न केवल जलापूर्ति प्रभावित हो रही है, बल्कि बड़ी मात्रा में पेयजल भी व्यर्थ बह रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद संबंधित विभाग समस्या के स्थायी समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
थानाभवन मार्ग पर स्थित जल निगम की पानी की टंकी से करीब 2500 घरेलू कनेक्शनों को जलापूर्ति की जाती है। पाइपलाइन में बार-बार लीकेज होने से पानी का दबाव कम हो जाता है, जिससे कस्बे के अनेक मोहल्लों और बाजार क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। सबसे अधिक परेशानी बाईपास क्षेत्र के दुकानदारों और राहगीरों को उठानी पड़ रही है। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें पीने के पानी के लिए निजी व्यवस्था करनी पड़ रही है। शुक्रवार को बाईपास स्थित व्यापारियों और अन्य ग्रामीणों ने लीकेज की समस्या पर नाराजगी जताते हुए विरोध किया। ग्रामीणों कहना है कि भीषण गर्मी मे पीने के पानी की समस्या से जूझना पड रहा है। यदि समय रहते पाइपलाइन को दुरुस्त नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में जल संकट और गहरा सकता है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि लगातार पानी बहने से सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रही है और आसपास जलभराव की स्थिति बन रही है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
आरोप है कि जल निगम और पंचायत विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपनी जवाबदेही से बच रहे हैं। इसी कारण महीनों से समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पाइपलाइन की मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो आने वाले समस्या पैदा हो सकती है। इस दौरान अमित कुमार,सौरव कुमार,संदीप कुमार,राहुल,शुभम कुमार व ोटी कुमार आदि मौजूद रहें।