शामली
गंगेरू मारपीट प्रकरण में कांधला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार
जानलेवा हमले में प्रयुक्त लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। थाना क्षेत्र के ग्राम गंगेरू में दो पक्षों के बीच हुए विवाद, मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में कांधला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे तथा ईंट-पत्थर भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 जून को ग्राम गंगेरू में दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष के बाद दोनों पक्षों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में थाना कांधला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस्तकार उर्फ छाको, अकबर, शाहिल अब्बास, रजी हैदर, इजम, समीर तथा अजादार हुसैन निवासी ग्राम गंगेरू के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे तथा एक प्लास्टिक कट्टे में ईंट-पत्थर बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक योगेश कुमार, हेड कांस्टेबल अंकित भड़ाना, संजीव कुमार, रवि कुमार तथा कांस्टेबल आशुतोष कुमार शामिल रहे।


