रांची

हूल दिवस पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सिद्धो – कान्हू को दी श्रद्धांजलि, कहा– क्रांति की आग कभी नहीं बुझती

Chief Minister Hemant Soren paid tribute to Sidhu and Kanhu on Hool Diwas, stating that the fire of revolution never dies out.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। हूल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने सोमवार को मोरहाबादी स्थित सिद्धो – कान्हू उद्यान पहुंचकर हूल विद्रोह के महानायक अमर वीर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हूल दिवस भारतीय इतिहास का एक ऐतिहासिक अवसर है, जब शोषण और अत्याचार के विरुद्ध सशक्त जनआंदोलन का बिगुल फूंका गया था। उन्होंने कहा कि उस दौर में जब शोषित समाज के सामने अन्याय से मुक्ति का कोई रास्ता नहीं दिख रहा था, तब आदिवासी समाज के वीरों ने साहसपूर्वक संघर्ष का मार्ग चुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर शहीद सिद्धो – कान्हू, चांद-भैरव तथा वीरांगनाओं फूलो-झानो ने परिणाम की चिंता किए बिना ब्रिटिश शासन और शोषण के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया। उनका त्याग और बलिदान आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने तथा अपने अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि आज भी देश के विभिन्न हिस्सों में कमजोर और वंचित वर्गों के शोषण के विरुद्ध संघर्ष जारी है और हर क्रांति की शुरुआत अन्याय के प्रतिरोध से होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड वीरों की धरती है और हूल विद्रोह के अमर सेनानियों के कारण इस भूमि का गौरव पूरे देश में स्थापित हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ऐसे कई अवसर आते हैं, जब हम अपने महापुरुषों को स्मरण कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि क्रांति की आग कभी नहीं बुझती और न ही उसे बुझाया जा सकता है। इसकी चिंगारी सदैव जीवित रहती है। उन्होंने दिल्ली के राजघाट और इंडिया गेट पर निरंतर जलने वाली ज्योति का उदाहरण देते हुए कहा कि वीरों का बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वीरों की इस पावन भूमि का इतिहास हमेशा स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button