किशनगढ़बास में भंवर जितेंद्र सिंह व टीकाराम जूली का स्वागत
बलराम यादव बोले—मुकदमों से कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
किशनगढ़बास। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह तथा राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का शनिवार को हरसोली जाते समय किशनगढ़बास बाईपास स्थित होटल हवेली के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जिला कांग्रेस कमेटी खैरथल-तिजारा के अध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया तथा “कांग्रेस जिंदाबाद” के नारों से माहौल गुंजायमान कर दिया।
स्वागत के दौरान भंवर जितेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा आगामी स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।
इस दौरान में डीएपी खाद की कमी से परेशान किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह व नेता प्रतिपक्षटीकाराम जूली से मुलाकात कर क्षेत्र में डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की। किसानों ने बताया कि खाद की कमी के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर भंवर जितेंद्र सिंह ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे इस संबंध में सरकार के समक्ष मामला उठाएंगे और किसानों को जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाए और जनहित के मुद्दों पर मजबूती से संघर्ष करता रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी खैरथल-तिजारा के अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कराकर उन्हें डराने और दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस का कोई भी कार्यकर्ता पीछे हटने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के सिपाही अन्याय और दमन से डरने वाले नहीं हैं। पूरी कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर हर लड़ाई लड़ेगी तथा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जय हेडाऊ, नेता प्रतिपक्ष विक्की चौधरी, पूर्व चेयरमैन मुन्नी गुर्जर, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पवन खटाना, यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव रामनिवास प्रजापत, पूर्व जिला सचिव उस्मान खान, पूर्व जिला सचिव संजय गुर्जर, परवेज खान, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष अनीश खान, शिक्षक प्रकोष्ठ अध्यक्ष भरत चौधरी, विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकेश सैनी, पार्षद अर्जुन ठाकुर, संदीप अग्रवाल, खुर्शीद खान, सद्दाम खान, शकील खान बागोर, सतनाम सिंह, हनुमान गुर्जर, वीरपाल सिंह, बलवंत महारानियां, गुलाब शर्मा, रामकुमार मेघवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


