मथुरा
84 कोस की परिक्रमा से पति को चकमा देकर चंपत हुई छह बच्चों की मां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। 84 कोस की परिक्रमा के दौरान एक महिला अपने पति को चकमा देकर चंपत हो गई। महिला छह बच्चों की मां है और वह तीन माह पहले भी घर से भाग गई थी, जिसे पुलिस ने रेवाड़ी से बरामद किया था। थाना सुरीर क्षेत्र के एक गांव में छह बच्चों की मां को इश्क का भूत सवार हो गया है। वह बार-बार घर से भाग जा रही है। करीब तीन माह पहले वह प्रेमी के साथ भाग गई थी। पति की शिकायत पर पुलिस ने महिला को रेवाड़ी से बरामद कर लिया। इसके बाद पिछले माह वह पति के साथ 84 कोस की परिक्रमा को गई थी। जहां से वह हसनपुर (हरियाणा) में पति को चकमा देकर भाग गई। पति उसे परिक्रमा मार्ग में कई दिन तक तलाशता रहा लेकिन कोई पता न चलने पर मायूस होकर वापस लौट आया। पति ने बताया कि पत्नी का रेवाड़ी के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। पहले वह उसी के पास मिली थी, लेकिन अब उसका कोई पता नहीं चल रहा है। वह छह बच्चों को छोड़ कर गई है, जो अपनी मां की याद करते रहते हैं।



