बरेली
‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ योजना के क्रियान्वयन का अध्ययन करने बरेली पहुंची ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की टीम

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। उत्तर प्रदेश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन, लखनऊ की टीम ने 6-7 जुलाई को जनपद बरेली का दो दिवसीय भ्रमण किया। कमीशन के विशेषज्ञ हीरालाल भगौरे ने फरीदपुर, मीरगंज और बहेड़ी में उद्यान विभाग की ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ योजना के 10 लाभार्थी किसानों के खेतों का निरीक्षण किया। किसानों से संवाद कर सिंचाई व्यवस्था, सब्सिडी और पारदर्शिता के बारे में जानकारी ली।
जिला उद्यान अधिकारी जितेन्द्र कुमार और योजना प्रभारी अतुल गंगवार ने टीम को जिले में योजना के क्रियान्वयन और लाभार्थियों की जानकारी दी। टीम ने ग्राम बरुआ हुसैनपुर में एकीकृत बागवानी मिशन के तहत लगे 4 पॉलीहाउसों का भी अवलोकन किया।
किसानों ने योजना को जल संरक्षण और आय बढ़ाने के लिए लाभकारी बताया। सरकार का उद्देश्य कम पानी में अधिक उत्पादन कर कृषकों की आय बढ़ाना है।



