नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
चौसाना। थाना झिंझाना क्षेत्र के गांव भडी मजरा निवासी एक महिला ने नामजद आरोपितों पर दर्ज मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने और परिवार को लगातार धमकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपित खुलेआम धमकी देकर न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।
गांव भडी मजरा निवासी रूकसार पत्नी वाजिद ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी शिकायत पर थाना झिंझाना में दो जुलाई 2026 को महबूब, अय्यूब, महमूद पुत्रगण हारून तथा हारून पुत्र रसीद के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से नामजद आरोपित लगातार उन पर और उनके परिवार पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। इतना ही नहीं, आरोपित उनके रिश्तेदारों को भी डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय के साये में जीवन व्यतीत करने को मजबूर है।
पीड़िता ने एसपी से शिकायत की है कि आरोपित अपने प्रभाव के बल पर न्यायिक कार्रवाई को प्रभावित करना चाहते हैं। उन्होंने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, धमकियों की निष्पक्ष जांच कराने तथा नामजद आरोपितों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।
