शामली

 चौसाना में जलनिकासी समस्या के समाधान की पहल

ईदगाह से खोखरी नदी तक 200 मीटर नाला निर्माण शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
  चौसाना। चौसाना ईदगाह के पास में लंबे समय से बनी जलनिकासी की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ब्लॉक ऊन प्रमुख रामपाल सिंह ने ईदगाह से खोखरी नदी तक लगभग 200 मीटर लंबे नाले का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। क्षेत्र में बरसाती और घरेलू पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था न होने से लोगों को वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा था। नाला निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है और लोगों ने इसे बड़ी राहत देने वाला कदम बताया है।
बताया गया कि नाला निर्माण का प्रस्ताव बीडीसी सदस्य सैयद बशारत अली, बीडीसी सदस्य कुर्बान राव और बीडीसी सदस्य अफजल मंसूरी के प्रयासों से स्वीकृत हुआ। नाला बनने से मजरा भडी और बिजलीघर से बिडौली रोड तक सड़क से ऊंचे बने नालों के पानी की निकासी सुचारू हो सकेगी। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव होने से राहगीरों, किसानों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी, लेकिन अब इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
नाला निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीण खलील राणा, सुभाष चौधरी, राव कामिल, सलीम, साजिद सहित अन्य ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉक प्रमुख रामपाल सिंह का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि यह कार्य क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान साबित होगा और बरसात के मौसम में जलभराव से होने वाली परेशानियां कम होंगी।
इस दौरान ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख से बिजलीघर से सहकारी समिति तक जाने वाले कच्चे मार्ग का निर्माण कराने की भी मांग उठाई। उनका कहना है कि यह मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है और बरसात में कीचड़ व जलभराव के कारण किसानों तथा ग्रामीणों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो जाता है। सहकारी समिति पर खाद-बीज लेने के लिए किसानों का प्रतिदिन आना-जाना रहता है, इसलिए इस सड़क का निर्माण भी शीघ्र कराया जाना चाहिए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button