ललितपुर
राम मंदिर दान व चढ़ावा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कांग्रेस की सद्बुद्धि पदयात्रा
घंटाघर से तुवन मंदिर तक निकाली पदयात्रा, सीटिंग जज से जांच और ट्रस्ट भंग करने की उठाई मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी, ललितपुर के नेतृत्व में मंगलवार को अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के दान, चढ़ावा और कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर “सद्बुद्धि पदयात्रा” निकाली गई। पदयात्रा घंटाघर से प्रारंभ होकर तुवन मंदिर तक पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर अपनी मांगें रखीं। पदयात्रा का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. दयाराम रजक ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामनरेश दुबे ने आरोप लगाते हुए कहा कि श्रीराम मंदिर में दान एवं चढ़ावे से जुड़े कथित घोटाले ने करोड़ों रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए तथा इससे जुड़े सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के एक सीटिंग जज की निगरानी में कराई जाए तथा संबंधित ट्रस्ट को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाए। जिला अध्यक्ष डॉ. दयाराम रजक ने कहा कि श्रीराम मंदिर देशवासियों की आस्था का केंद्र है और इसकी व्यवस्था पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि मंदिर के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी चारों धामों के शंकराचार्यों को सौंपी जाए, जिससे विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेशव्यापी “सद्बुद्धि पदयात्रा” के माध्यम से जनता को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना था कि धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे और दान की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर जसपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश रजक, मोहन सिंह चंदेल, विक्रम सिंह ‘नाती राजा’, बलवंत सिंह राजपूत, खलक सिंह राजपूत, निर्भान सिंह राजपूत, किसान कांग्रेस के जगभान सिंह राजा, दिनेश रजक, विवेक मिश्रा (मीडिया), रफीक अली, महेश बाबू, अजय प्रताप, असलम खान, राहुल सेन, सीताराम राय, संतोष राय, राकेश सेन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



