ललितपुर
अमरपुर नई मंडी शिफ्टिंग को लेकर फल-सब्जी व्यापारियों ने डीएम को सौंपा 9 सूत्रीय मांग पत्र
13 जुलाई को होगी पूजा-अर्चना

15 जुलाई से व्यापार शुरू करने की तैयारी; छूटे व्यापारियों को दुकान आवंटन और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। अमरपुर स्थित नवीन मंडी परिसर में फल एवं सब्जी व्यापारियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया के बीच सोमवार को फल एवं सब्जी व्यापारी कल्याण समिति, ललितपुर ने जिलाधिकारी को 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर व्यापार शुरू होने से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की। समिति ने लॉटरी प्रणाली से हुए दुकान आवंटन पर सहमति जताते हुए कहा कि जिन व्यापारी भाइयों को किसी कारणवश दुकान आवंटित नहीं हो सकी है, उन्हें भी अगले तीन दिनों के भीतर दुकानें आवंटित की जाएं, ताकि सभी व्यापारी एक साथ नए परिसर में अपना कारोबार शुरू कर सकें। समिति के अध्यक्ष मोहम्मद जमा राईन एवं महामंत्री रघुवीर कुशवाहा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रशासन द्वारा 1 एवं 2 जुलाई को लॉटरी के माध्यम से दुकान आवंटन कराया गया, जिसका व्यापारी स्वागत करते हैं। हालांकि कुछ व्यापारी सूची से बाहर रह गए हैं, जिन्हें भी समान अवसर मिलना चाहिए। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 22 जून को प्रशासन और व्यापारियों के बीच हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि प्रत्येक थोक व्यापारी को केवल एक दुकान ही आवंटित की जाएगी। इसके बावजूद कुछ व्यापारियों को दो-दो दुकानें आवंटित कर दी गईं, जो तय नियमों के विपरीत है। समिति ने ऐसे अतिरिक्त आवंटनों को निरस्त कर पात्र व्यापारियों को दुकानें देने की मांग की है। व्यापारियों ने मांग पत्र में कहा कि जहां चुनाव संबंधी ईवीएम मशीनें सुरक्षित रखी जाती हैं, वहां स्थित ‘ए’ श्रेणी की दुकानों का आवंटन किसी अन्य व्यक्ति को न किया जाए। भविष्य में यदि ईवीएम वहां से हटती भी हैं तो इन दुकानों का उपयोग केवल फल एवं सब्जी व्यापारियों के हित में किया जाए। व्यापारियों ने नई मंडी परिसर में व्यापार शुरू करने से पहले सफाई, अतिक्रमण हटाने, दुकानों तक बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने, किरायानामा एवं अनुबंध प्रक्रिया पूरी कराने, निर्धारित शुल्क ही लिए जाने, वर्षा ऋतु में फल-सब्जियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम तथा फोरलेन हाईवे पर स्थित मंडी के मुख्य प्रवेश मार्ग पर रोड कट, संकेतक बोर्ड और सुरक्षित यातायात व्यवस्था कराने की मांग भी प्रशासन से की। समिति ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि 13 जुलाई को नवीन अमरपुर मंडी परिसर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिलाधिकारी को भी आमंत्रित किया गया है। व्यापारियों ने अनुरोध किया कि इस तिथि से पहले पानी, बिजली, सफाई एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं पूरी करा दी जाएं, जिससे 15 जुलाई से नई मंडी में फल एवं सब्जी का नियमित व्यापार प्रारंभ किया जा सके। ज्ञापन सौंपने वालों में सब्जी, फलफ्रूट व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष मो. करीम राईन पप्पू, मोहम्मद जमा राईन, महामंत्री रघुवीर कुशवाहा, मोहम्मद इस्लाम, मोहम्मद सलीम, गुलाम रसूल, मोहम्मद नईम, नन्हे राईन, गिरधारी, उमेश, पवन, फूलचंद्र राम, वीरेंद्र कुमार, देवेंद्र, महेश कुमार, अब्दुल कादिर, मोहम्मद अलीम, नजरुल हसन, मोहम्मद शरीफ, मोहम्मद शहीद, मोहम्मद इब्राहिम, मोहम्मद शफीक, मुकेश रैकवार, मोहम्मद साजिद सहित बड़ी संख्या में फल एवं सब्जी व्यापारी मौजूद रहे।



