गाजियाबाद
लोनी में बारिश बनी आफत
रामेश्वर पार्क में प्रदर्शन, इन्दापुरी से सादुल्लाबाद तक जलभराव से जनजीवन बेहाल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : लोनी में दोपहर से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने नगरपालिका परिषद की सफाई व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। जगह-जगह जलभराव होने से सड़कें नहर में तब्दील हो गईं, जबकि कई स्थानों पर हालात ऐसे बन गए कि सड़कें तालाब का रूप लेती दिखाई दीं। जलभराव से नाराज रामेश्वर पार्क कॉलोनी के लोगों ने लोनी नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और जल्द समाधान की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लोनी नगर पालिका ने सफाई व्यवस्था के लिए ए बी ए इनवायरो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को करीब 4.75 करोड़ रुपये का टेंडर दिया है, लेकिन धरातल पर न तो सफाई व्यवस्था दिखाई देती है और न ही जल निकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था है। लोगों का कहना है कि नालों की सफाई नहीं होने के कारण हर बारिश में सड़कों पर पानी भर जाता है और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बारिश के कारण इन्दापुरी, शिव विहार मेट्रो स्टेशन, परमहंस विहार, रेल विहार, जवाहर नगर, मेन बाजार और सादुल्लाबाद सहित कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया। अनेक स्थानों पर सड़कें नहर जैसी दिखाई दीं, जबकि कुछ जगहों पर जलभराव ने तालाब का रूप धारण कर लिया। मुख्य मार्गों पर पानी भरने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई वाहन पानी में बंद हो गए, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा विकसित रामेश्वर पार्क कॉलोनी के लोगों का कहना है कि क्षेत्र आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। सरदार भगत सिंह 80 फुटा मुख्य मार्ग पर बिना बारिश के भी जलभराव की समस्या बनी रहती है। पिछले तीन दिनों की बारिश के बाद सड़क पर करीब दो-दो फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे घरों, दुकानों और स्कूल परिसरों में भी पानी घुस गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार नगर पालिका से शिकायत करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसी के विरोध में कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन कर “नगर पालिका मुर्दाबाद” के नारे लगाए।
इस मार्ग पर स्थित दो स्कूलों के बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण स्कूल वैन स्कूल तक नहीं पहुंच सकीं। मजबूरन अभिभावकों को छोटे-छोटे बच्चों को गोद में या हाथ पकड़कर दो-दो फीट गंदे पानी के बीच से स्कूल पहुंचाना पड़ा। गंदे पानी के कारण बच्चों के पैरों में संक्रमण और जलन की शिकायतें भी सामने आईं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रामेश्वर पार्क कॉलोनी नगर पालिका को टैक्स और राजस्व देने वाली प्रमुख कॉलोनियों में शामिल है, लेकिन इसके बावजूद यहां सड़क, नालियां, जल निकासी, खड़ंजा, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन में अशोक पुरी, डॉ. मनोज शर्मा, दिनेश पाल, मास्टर नीतू सिंह प्रजापति, कुलदीप प्रजापति, राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, स्कूली बच्चे और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा पूरे लोनी क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।




