बरेली
मंडल आयुक्त ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
ब्लैक स्पॉट और ओवरस्पीड पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बरेली : मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस0 चौधरी की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की वर्ष-2026 की द्वितीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में बताया गया कि बरेली व बदायूँ में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है, जबकि पीलीभीत व शाहजहाँपुर में वृद्धि दर्ज की गई। शाहजहाँपुर में 25.51% वृद्धि पर विशेष चिंता व्यक्त की गई।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर ज्यामितीय सुधार, संकेतक, रम्बल स्ट्रिप व अन्य सुरक्षा उपाय प्राथमिकता से कराए जाएं। पीलीभीत व शाहजहाँपुर में तत्काल गति सीमा व चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
ओवरस्पीड व ड्रंक ड्राइविंग के खिलाफ यातायात पुलिस व परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त विशेष अभियान चलाने तथा नियम तोड़ने वालों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कट बंद कराने व आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू करने को कहा गया। एनएचएआई द्वारा हाईवे पर इंसिडेंट मैनेजर व एनिमल कैचर टीम तैनात करने की जानकारी दी गई।
कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत मार्गों की मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश व चिकित्सा व्यवस्था समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
स्कूल वाहनों के विरुद्ध चल रहे विशेष अभियान में फिटनेस, जीपीएस, सीसीटीवी आदि की जांच कर नियम विरुद्ध वाहनों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
अंत में सभी विभागों को 5E मॉडल के आधार पर समन्वित कार्य कर दुर्घटनाओं में कमी लाने के निर्देश दिए गए।



