
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
चौसाना। क्षेत्र के गांव जिजौला में सरकारी नल से पानी की फिटिंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महिला ने पड़ोसियों पर मारपीट, कपड़े फाड़ने, अभद्रता करने और घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए चौसाना चौकी में तहरीर दी है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता शीबा पत्नी आरिफ ने बताया कि सरकारी नल पर लगे सबमर्सिबल के खर्च में हिस्सा देकर उसने पानी की फिटिंग कराई थी। इसी बात को लेकर पड़ोसी जाफर पक्ष ने विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि जाफर, वकील, रहीस, सरफराज, असलम और मुरसलीन समेत अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए और अभद्रता करते हुए उसके साथ अश्लील हरकत की। शोर सुनकर पति आरिफ बचाने पहुंचे तो आरोपितों ने लाठी-डंडों और सरिया से उन पर भी हमला कर दिया और उनके कपड़े भी फाड़ दिए। महिला का आरोप है कि वह जान बचाकर घर में घुस गई, लेकिन आरोपित उसके पीछे घर तक पहुंच गए और कमरे का दरवाजा तोड़ने का प्रयास करते हुए बाहर निकलने पर निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने की धमकी दी।
चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी में पुलिस टीम के साथ भी आरोपितों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई है, जिसकी भी जांच की जा रही है।
सूचना पर पहुंची डायल-112 टीम से भी अभद्रता
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस टीम के समझाने के बावजूद आरोपित नहीं माने और पुलिसकर्मियों के साथ भी गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया।