कैराना
तहसील परिसर में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
नायब तहसीलदार आकाश, लेखपाल विजित व अधिवक्ता शक्ति सिंघल ने पौधे रोपकर लोगों से की अधिकाधिक वृक्ष लगाने की अपील
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
कैराना। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को तहसील परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया कार्यक्रम में नायब तहसीलदार आकाश, लेखपाल विजित तथा अधिवक्ता शक्ति सिंघल ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार आकाश ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी की जाए। लेखपाल विजित ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं। स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और संतुलित पारिस्थिति की तंत्र बनाए रखने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है।उन्होंने लोगों से अपने आसपास खाली स्थानों पर पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अधिवक्ता शक्ति सिंघल ने भी पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।