शामली
खोडसमा में स्व. अजय व कपिल स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज
कमालपुर और दूधला ने जीते पहले मुकाबले

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के गांव खोडसमा में रविवार को स्वर्गीय अजय एवं कपिल कुमार की स्मृति में क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथियों ने फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। पहले दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में कमालपुर और दूधला की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 15 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
रविवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि विनोद निर्वाल, सुल्तान सिंह और अरविंद कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना के साथ प्रतियोगिता खेलने का आह्वान किया। इसके बाद पहला मुकाबला कमालपुर और मानपुर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कमालपुर की टीम ने निर्धारित आठ ओवर में 133 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मानपुर की टीम 113 रन ही बना सकी। कमालपुर के अंकुश ने 88 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मुकाबला दूधला और शीतलगढ़ी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शीतलगढ़ी की टीम ने आठ ओवर में 107 रन बनाए। जवाब में दूधला की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। दूधला के रवि कुमार ने 42 रन बनाने के साथ दो विकेट भी झटके, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
आयोजन समिति के सदस्य अजय कुमार, इलू, नितिन, शिवम, विशाल और अमर सिंह सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि गांव के दिवंगत क्रिकेटर स्वर्गीय अजय और कपिल कुमार की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता अगले दस दिनों तक चलेगी, जिसमें आसपास के कई गांवों की टीमें हिस्सा लेंगी।

