बरेली
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने किया संचारी रोग नियंत्रण अभियान का स्थलीय निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने मझगवां क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने खंड विकास क्षेत्र मझगवां के अति संवेदनशील गांव कुंडरिया खुर्द और प्रहलादपुर का दौरा कर सफाई, फॉगिंग और जनजागरूकता व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण में मिली खामियां, दिए सख्त निर्देश, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने गांवों में नालियों की सफाई को असंतोषजनक पाया। उन्होंने मौके पर ही ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए उन्होंने साप्ताहिक एंटीलार्वा छिड़काव और फॉगिंग की कार्ययोजना बनाकर लागू करने को कहा। ग्रामीणों से संवाद करते हुए डॉ. विश्राम सिंह ने अपील की कि लोग फुल बांह के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का प्रयोग करें, घर के आसपास पानी जमा न होने दें और बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। दवा का पूरा कोर्स पूरा करने पर भी जोर दिया।
सीएचसी मझगवां की भी की समीक्षा
निरीक्षण के बाद सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां पहुंचकर एएनएम के कार्यों की समीक्षा की। यहां टीकाकरण, आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण और जेएसवाई भुगतान की प्रगति देखी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी, सीएचसी अधीक्षक, सहायक मलेरिया अधिकारी, जीवीओ, सीएचओ, बीसीपीएम, आशा कार्यकत्रियां सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।




