गाजियाबाद

गोविंदपुरम में क्षतिग्रस्त डिवाइडर के चलते पेड़ों पर संकट

नगर निगम से क्षतिग्रस्त डिवाइडर की मरम्मत कराने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद। थाना कविनगर क्षेत्र के गोविंदपुरम डी-ब्लॉक मुख्य मार्ग (गली नंबर-01 से आगे तक) स्थित डिवाइडर कई स्थानों पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। जिसके चलते डिवाइडर पर लगे अनेक पेड़ों की जड़ें हिल गई हैं और कई पेड़ गिरने की स्थिति में पहुंच गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि बरसात और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों के गिरने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जन-धन की हानि होने की संभावना बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से इस समस्या की शिकायत संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। नागरिकों का आरोप है कि एक ओर पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर वर्षों पुराने पेड़ों को बचाने के लिए आवश्यक मरम्मत एवं संरक्षण कार्य समय पर नहीं कराया जा रहा है।
नागरिकों का कहना है कि यदि क्षतिग्रस्त डिवाइडर की समय रहते मरम्मत कर पेड़ों की खुली जड़ों को सुरक्षित कर दिया जाए, तो न केवल इन बहुमूल्य पेड़ों को बचाया जा सकेगा, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं को भी रोका जा सकेगा।
नगर निगम से प्रमुख मांगें
क्षतिग्रस्त डिवाइडर की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
पेड़ों की खुली जड़ों को सुरक्षित कर आवश्यक संरक्षण कार्य किया जाए।
पूरे मार्ग का संयुक्त निरीक्षण कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बरसात के मौसम को देखते हुए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि “पेड़ बचेंगे, तभी पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और नागरिकों का जीवन भी सुरक्षित रहेगा।”
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button