वाहन चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक के इंजन और चेसिस बरामद
आदर्श मंडी पुलिस की कार्रवाई, संदिग्ध वाहन चेकिंग अभियान के दौरान मिली सफलता
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो |
शामली। थाना आदर्श मंडी पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल के इंजन एवं चेसिस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को मोहल्ला मोमीनपुरा बरखंडी, थाना कोतवाली शामली निवासी अहसान पुत्र नसीम अहमद ने अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP12 BL 5782) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर थाना आदर्श मंडी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के शीघ्र खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में 28 जुलाई की रात संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान, पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना आदर्श मंडी पुलिस ने आदित्य पुत्र सुभाष, निवासी ग्राम मुंडेट कला, थाना आदर्श मंडी, जनपद शामली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल के इंजन एवं चेसिस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके विरुद्ध पूर्व में वाहन चोरी तथा आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अय्यूब अली, हेड कांस्टेबल राहुल मलिक, कांस्टेबल अशोक खटाना एवं कांस्टेबल अशोक पहल शामिल रहे। थाना आदर्श मंडी पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
