जामताड़ा

पिंडारी विद्यालय में रेलवे सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

विद्यार्थियों को दिए सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत पीएम श्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिंडारी में शनिवार को पूर्वी रेलवे आसनसोल मंडल की ओर से रेलवे सुरक्षा एवं राष्ट्र संपत्ति संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को रेलवे से जुड़े सुरक्षा नियमों की जानकारी देना तथा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एसआई रंजीत कुमार पांडे एवं सौरभ कुमार ने विद्यार्थियों को रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, चलती ट्रेन पर चढ़ने एवं उतरने के खतरों, रेलवे फाटक का सुरक्षित उपयोग, पथराव जैसी घटनाओं से होने वाले नुकसान तथा रेलवे संपत्ति को क्षति पहुंचाने के दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेलवे देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संपत्ति है, जिसकी सुरक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
आरपीएफ अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं भी सुरक्षा नियमों का पालन करें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या दुर्घटना की सूचना तुरंत रेलवे अथवा आरपीएफ को देने की सलाह दी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्याम कुमार सिंह ने आरपीएफ टीम का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में अनुशासन, जिम्मेदारी और सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में दी गई जानकारियों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर सहायक शिक्षक रवींद्र सिंह, आईसीटी शिक्षक कैलाश कुमार मंडल, सहायक शिक्षक परिमल मिश्रा, सहायक अध्यापिका जया चक्रवर्ती, रीना चक्रवर्ती एवं शामली दास सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और रेलवे सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button