आठ घंटे की रिमांड पर लेकर पुलिस ने बरामद किए हत्या में प्रयुक्त केन व लाठी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुरा में आईटीआई छात्र गोविंद सैनी हत्याकांड में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को गुरुवार को पुलिस आठ घंटे की रिमांड पर लेकर घटनास्थल पहुंची। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तेल की केन और लाठी बरामद की गई। बरामदगी के बाद पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर वापस लौट गई।
गौरतलब है कि झिंझाना पुलिस ने तीन जुलाई को गोविंद सैनी हत्याकांड का खुलासा करते हुए गांव लक्ष्मीपुरा निवासी राजवीर उर्फ भूरा पुत्र अजमेर और उसके चचेरे भाई जगपाल पुत्र मांगेराम को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। गुरुवार को पुलिस ने कोर्ट में रिमांड की अर्जी दाखिल की। कोर्ट से आठघंटे की पुलिस रिमांड मिलने के बाद थाना प्रभारी वीरेन्द्र कसाना पुलिस टीम के साथ दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंचे। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तेल की केन और लाठी बरामद की गई। बरामदगी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को दोबारा कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि चार मई को हुई हत्या के पीछे गोविंद का आरोपी राजवीर के परिवार की एक युवती से मोबाइल फोन पर बातचीत करना मुख्य कारण था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि गोविंद को कई बार समझाया गया, लेकिन उसने बातचीत बंद नहीं की। इसके बाद दोनों ने उसकी हत्या की साजिश
रची। घटना वाले दिन दोनों आरोपी गोविंद के घेर पर पहुंचे और आवाज देकर उसे बाहरबुलाया। बाहर आते ही कपड़े से उसका मुंह दबाकर गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को लाठी के सहारे नलकूप तक ले जाया गया। पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव पर तेल डालकर आग लगा दी गई और बाद में शव को नलकूप में फेंक दिया गया।
हत्या में शामिल दोनों आरोपियों को आठ घंटे की पुलिस रिमांड पर लिया गया था। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तेल की केन और लाठी बरामद की गई है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर दी गई है।
वीरेन्द्र कसाना थानाध्यक्ष, झिंझाना
