जालौन
उप जिलाधिकारी न्यायिक के विरुद्ध लामबंद हुए राजस्व अधिवक्ता
वादकारियों व अधिवक्ताओं के अनुपस्थित में एक पक्षीय निस्तारण की दी जा रही धमकी
सदन में प्रस्ताव हुआ पास समस्या का निदान न होने तक न्यायालय कार्यों में अनिश्चितकाल तक सहयोग करने में रहेंगे असमर्थ
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। डिस्ट्रिक्ट जालौन बार एसोसियेशन के उपाध्यक्ष व कलेक्ट्रेट प्रभारी ओमनारायण सिंह की मौजूदगी में राजस्व अधिवक्ताओं की आहूत बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय किया गया कि उप जिलाधिकारी न्यायिक उरई के मुकदमे की सुनवाई प्रक्रिया में कोई सुधार नहीं हो रहा है। बल्कि उनके द्वारा वादकारियों व अधिवक्ताओं के अनुपस्थित में उनके खिलाफ एकपक्षीय निस्तारण की धमकी दी जा रही है जिसका हम सभी राजस्व अधिवक्ता घोर निंदा करते हैं।
राजस्व अधिवक्ताओं ने सदन में सर्वसम्मति से यह भी तय किया कि रिंकू सिंह राही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी न्यायिक उरई की उक्त प्रकार की कार्यप्रणाली से जिलाधिकारी को भी कई बार अवगत करा दिया गया लेकिन उनके द्वारा अब तक समस्या का कोई निराकरण करने का कोई प्रयास नहीं किया गया है जिससे अधिवक्ताओं व वादकारियों को न्याय प्राप्त नहीं हो पा रहा है। बैठक में राजस्व अधिवक्ताओं ने तय किया कि यदि जिलाधिकारी जालौन 3 अगस्त तक उक्त समस्या का कोई समाधान नहीं करते तो राजस्व अधिवक्तागण उप जिलाधिकारी न्यायिक के साथ जिलाधिकारी, जिला मजिस्ट्रेट जालौन के न्यायालय के कार्यों में अनिश्चितकाल तक सहयोग करने में असमर्थ रहेंगे। उक्त निर्णय की जानकारी जिलाधिकारी के साथ ही जिला बार संघ उरई के अध्यक्ष को भी प्रेषित कर दी गयी है। राजस्व अधिवक्ताओं ने घोषणा की कि यदि उन्हें न्याय न मिला तो वह नया मार्ग खोजने को विवश होंगे जिसमें मंडलायुक्त के साथ ही राजस्व परिषद से भी शिकायत की जायेगी।
