कानपुर

चेयरमैन विजय कपूर ने दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी बुलेट ट्रेन कारिडोर में कानपुर को शामिल करने की मांग करी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी बुलेट ट्रेन कारिडोर में नोएडा, जेवर,मथुरा,आगरा,फिरोजाबाद,इटावा,कन्नौज,लखनऊ,रायबरेली,प्रयागराज,न्यू भदोही तथा वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण शहरों को सम्मिलित किया गया है,किंतु उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी के रूप में देशभर में पहचान रखने वाले कानपुर को इस परियोजना से बाहर रखा जाना उद्यमियों, व्यापारियों एवं नागरिकों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। कानपुर प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक,व्यापारिक,शैक्षिक एवं व्यावसायिक केंद्र है। चमड़ा,टेक्सटाइल,इंजीनियरिंग,केमिकल, प्लास्टिक,मशीनरी,डिफेंस एवं एमएसएमई सहित विभिन्न क्षेत्रों में कानपुर की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में उद्यमी,व्यापारी,विद्यार्थी एवं आम नागरिक दिल्ली,लखनऊ,प्रयागराज,वाराणसी सहित देश के विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। कानपुर सेंट्रल देश के प्रमुख एवं अत्यधिक व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल है। यहां प्रतिदिन भारी यात्री आवागमन होता है और रेलवे को भी महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त होता है। ऐसे में अत्याधुनिक हाई-स्पीड रेल नेटवर्क की इस महत्वपूर्ण परियोजना में कानपुर को शामिल न किया जाना औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार एवं क्षेत्र की आर्थिक संभावनाओं के दृष्टिकोण से पुनर्विचार योग्य विषय है। कानपुर को इस कारिडोर से जोड़ने से न केवल शहर बल्कि आसपास के जिलों एवं बुन्देलखण्ड क्षेत्र को भी व्यापक आर्थिक लाभ मिलेगा तथा प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। इस संबंध में कानपुर के उद्यमियों एवं नागरिकों की ओर से कोआपरेटिव इंडस्ट्रियल इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि प्रस्तावित दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी बुलेट ट्रेन कारिडोर की योजना पर पुनर्विचार करते हुए कानपुर को एक प्रमुख स्टेशन के रूप में सम्मिलित किया जाए। विजय कपूर ने कहा कि कानपुर को बुलेट ट्रेन कारिडोर से जोड़ना केवल कानपुर की मांग नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास और उत्तर भारत की आर्थिक कनेक्टिविटी को मजबूत करने की आवश्यकता है। इससे कानपुर की जनता का सरकार के प्रति विश्वास और मजबूत होगा तथा शहर को भविष्य के आधुनिक,तेज एवं समृद्ध औद्योगिक भारत का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने में सहायता मिलेगी। हम कानपुर के निवासी,उद्यमी एवं व्यापारीगण पूरी जोर से मांग करते हैं कि दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी बुलेट ट्रेन कारिडोर में कानपुर को प्रमुख स्टेशन के रूप में अवश्य सम्मिलित किया जाए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button