स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पाकुड़िया में बैठक, तैयारियों को लेकर दिए गए निर्देश
Meeting held in Pakuria regarding Independence Day celebrations; instructions issued concerning preparations.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़िया, पाकुड़। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को प्रखंड परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सोमनाथ बनर्जी ने की। बैठक में आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को समारोह शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सफल तरीके से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में समारोह स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार 15 अगस्त को सुबह 8:30 बजे प्रखंड परिसर में ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9:15 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया तथा सुबह 9:30 बजे थाना परिसर, पाकुड़िया में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होगा। बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। बैठक में स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. मंजर आलम, डॉ. अभय श्राफ, सांसद प्रतिनिधि खुर्शीद आलम, एसआई नागेंद्र कुमार, उपप्रमुख अर्चना देवी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, प्रखंड प्रमुख कालिदास मरांडी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पंचायत समिति सदस्य, कनीय अभियंता एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।



