राजनीतिराष्ट्रीयलखनऊ

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का राहुल गांधी पर हमला

बोले- गृह मंत्री जवाब देने आ रहे, मैदान छोड़कर भागना मत

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर संसद में मुद्दे बदलने और चर्चा से बचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री सदन में उनके सवालों का जवाब देने आ रहे हैं। झारखंड में छात्रों पर कार्रवाई को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस और झामुमो सरकार को घेरा और युवाओं के समर्थन की बात कही।प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह सदन में राहुल गांधी के हर सवाल का जवाब देने आ रहे हैं। राहुल गांधी अब मैदान छोड़कर भागें नहीं और चर्चा से डरें नहीं। ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पिछले 15 दिनों से झूठ और भ्रम फैलाकर संसद को हाईजैक किए हुए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार अपने मुद्दे बदल रहे हैं। पहले शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की, फिर नीट पर चर्चा की बात कही और अब जंतर-मंतर के प्रदर्शन को लेकर गृह मंत्री से सदन में बयान देने की मांग कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के उस कथित दावे को भी खारिज किया, जिसमें जंतर-मंतर पर गोली चलने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि वहां एक भी गोली नहीं चली। आरोप लगाया कि राहुल गांधी चर्चा से इसलिए बच रहे हैं, क्योंकि गृह मंत्री के जवाब देने के बाद उनके झूठ और भ्रम की राजनीति सामने आ जाएगी। रांची में छात्रों पर कार्रवाई को लेकर भी घेरा-ब्रजेश पाठक ने झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और झामुमो सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार और पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। प्रदर्शन स्थल पर कंटीले तार लगाए जाने का भी उन्होंने दावा किया।
उन्होंने राहुल गांधी पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन की चिंता करने वाले राहुल गांधी को झारखंड के छात्रों की आवाज क्यों नहीं सुनाई देती। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड के छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है और सरकार से उनकी मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग करती है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं और उन्हें देश के युवाओं से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि गृह मंत्री हर सवाल का जवाब देने सदन में आ रहे हैं, इसलिए वे चर्चा से भागें नहीं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button