
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। अनफिट और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ मंगलवार से 15 दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 शुरू हुआ। अभियान 25 अगस्त तक चलेगा। पहले दिन परिवहन विभाग की टीम ने स्कूली बसों, वैन और निजी एवं अनुबंधित वाहनों की जांच की। एआरटीओ प्रवर्तन राजेश राजपूत के निर्देशन में एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय सतेंद्र कुमार सिंह, यात्रीकर अधिकारी संदीप चौधरी और पूजा सिंह ने वाहनों की फिटनेस, परमिट, प्राथमिक उपचार बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और चालकों के दस्तावेज जांचे। खामियां मिलने पर 15 स्कूली वाहनों के चालान किए गए, जबकि तीन वाहनों को विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया। एआरटीओ प्रवर्तन राजेश राजपूत ने बताया कि विभाग द्वारा अनफिट वाहनों का संचालन करने वाले विद्यालयों की सूची तैयार कर रहा है। इन्हें रेड लिस्ट में शामिल कर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजा जाएगा। संबंधित विद्यालयों की मान्यता निरस्तीकरण की संस्तुति भी की जाएगी। स्कूल प्रबंधकों और वाहन स्वामियों से वाहनों की फिटनेस कराने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।



