बैतूल दलित नेता खड़गे के अपमान के विरोध में कांग्रेस का सत्याग्रह मार्च आज
गांधी चौक से अंबेडकर चौक तक निकलेगा मार्च

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद भाजपा द्वारा मंच का गंगाजल से तथाकथित शुद्धीकरण किए जाने के विरोध में बैतूल जिला कांग्रेस कमेटी आज शुक्रवार को सत्याग्रह मार्च निकालेगी। कांग्रेस इस घटना को खड़गे के अपमान के साथ करोड़ों भारतीयों की गरिमा और संविधान में निहित समानता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय एवं मानवीय गरिमा के मूल्यों का अपमान बताते हुए विरोध दर्ज कराएगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव बृजभूषण पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 अगस्त को शाम 4:30 बजे गांधी चौक, कोठीबाजार से सत्याग्रह मार्च शुरू होगा, जो अंबेडकर चौक तक पहुंचेगा। यहां कांग्रेसजन सत्याग्रह कर हल्द्वानी की घटना के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे। जिला कांग्रेस ने जिला समन्वय समिति के सदस्यों, जिला पदाधिकारियों, ब्लॉक, उपब्लॉक, नगर एवं मंडलम अध्यक्षों तथा पदाधिकारियों को कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
मार्च में कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित सभी अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी ने अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेसजनों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
कांग्रेस का कहना है कि हल्द्वानी में खड़गे के भाषण के बाद मंच का कथित शुद्धीकरण किया जाना जातिगत भेदभाव और अस्पृश्यता की मानसिकता को दर्शाता है। लोकतांत्रिक एवं संविधान आधारित व्यवस्था में इस प्रकार की सोच का कोई स्थान नहीं है। सत्याग्रह के माध्यम से कांग्रेस सामाजिक समानता और संविधान के मूल्यों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जाहिर करेगी।



