गोड्डा
गोड्डा में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गोढ़ी हॉल में जिला प्रशासन एवं अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, भारतीय संस्कृति एवं झारखंड की समृद्ध लोक परंपराओं पर आधारित शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, उप विकास आयुक्त विस्पुते श्रीकांत यशवंत, अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सह जिला नजारत उपसमाहर्ता ओम प्रकाश यादव एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न छात्र-छात्राओं ने कुल 28 आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, एकल एवं समूह नृत्य, नागपुरी नृत्य, लोकनृत्य तथा भारतीय संस्कृति पर आधारित विविध प्रस्तुतियों ने राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिया। कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं अमर शहीदों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। आकर्षक वेशभूषा, उत्कृष्ट मंचन एवं भावपूर्ण अभिनय ने पूरे सभागार का वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। प्रत्येक प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुत नागपुरी एवं अन्य लोकनृत्यों ने विशेष आकर्षण का केंद्र बनते हुए झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कलाकारों एवं प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनमें आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास करते हैं। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, अदाणी फाउंडेशन, विभिन्न विभागों, विद्यालयों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, डांस एकेडमी, कलाकारों, छात्र-छात्राओं तथा आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों का योगदान रहा।



