अमरोहा
गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों के 9वें जत्थे का नगर में भव्य स्वागत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा, हसनपुर। बृजघाट से गंगाजल लेकर सैदनगली लौट रहे जय शिव कांवड़ सेवा समिति के 9वें विशाल जत्थे का हसनपुर पहुंचने पर श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। नगर पालिका के मुख्य द्वार पर पालिका अध्यक्ष राजपाल सैनी के नेतृत्व में शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई और जलपान कराकर उनका स्वागत-अभिनंदन किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्षा डॉ. अनुकृति चौधरी एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभिनव कौशिक के मार्गदर्शन में निकला जत्था हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय करता हुआ आगे बढ़ा। ब्रजमंडल से आए कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिन पर शिवभक्त झूमते नजर आए।
जत्थे में शामिल कांवड़िये ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, वाहनों तथा पैदल डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए सैदनगली की ओर रवाना हुए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। अपराध निरीक्षक अमरपाल सिंह पुलिस बल के साथ जत्थे के साथ मौजूद रहे।
इस मौके पर चंद्रपाल खड़गवंशी, मुकेश गुप्ता, सचिन गुप्ता, संजय सहदेव, महेश खड़गवंशी, अमित खड़गवंशी, विक्रांत शर्मा, इशांत सैनी, संदीप गुप्ता, मोहित अग्रवाल, मेघराज सिंह राणा एडवोकेट, सुशील भगत, मोहित चौहान, पंकज भटनागर आदि मौजूद रहे।



