
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स को 36 रन से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में टाइगर्स की टीम 156 रन पर ऑलआउट हो गई।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स को वंश मेहरा और अर्पित राणा ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए महज 5.4 ओवर में 62 रन जोड़े। मेहरा ने 21 गेंदों में 35 और राणा ने 22 गेंदों में 33 रन बनाए। इसके बाद मयंक रावत ने 23 गेंदों में चार छक्कों की मदद से 40 रन, जबकि सूर्यांश रैना ने 21 गेंदों में 33 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
न्यू दिल्ली टाइगर्स की ओर से ऋषभ शर्मा ने चार ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि लक्ष्मण को दो विकेट मिले।
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाइगर्स की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और 10.2 ओवर में 94 रन पर चार विकेट खो दिए। कप्तान हिम्मत सिंह और लक्ष्य थरेजा ने पारी संभालने की कोशिश की और पांचवें विकेट के लिए 48 रन जोड़े। मयंक रावत ने हिम्मत को 31 रन पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया।
इसके बाद टाइगर्स की पारी संभल नहीं सकी और पूरी टीम 156 रन पर सिमट गई। राइडर्स की ओर से आशीष मीणा ने 32 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि मयंक यादव ने तीन ओवर में केवल नौ रन देकर दो विकेट चटकाए।
राइडर्स की बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी के सामने न्यू दिल्ली टाइगर्स 36 रन से मुकाबला हार गई। अरुण जेटली स्टेडियम में यह मुकाबला ऐसे समय हुआ, जब मैदान भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार है।


