कर्मेस्टिया फार्म्स में नेचर रिट्रीट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गुरुग्राम स्थित कर्मेस्टिया फार्म्स में म्यूजिक वेरांडा और ग्रीन वेरांडा की ओर से विशेष नेचर रिट्रीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत, ध्यान, माइंडफुलनेस और जैव विविधता के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रकृति से जुड़ने का अवसर मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्यान सत्र से हुई। इसके बाद जैव विविधता विशेषज्ञ शालिनी अग्रवाल ने फार्म में विकसित की गई जैव विविधता और जैविक कृषि पद्धतियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिना रसायनों और कीटनाशकों के दो वर्षों में फार्म में समृद्ध प्राकृतिक वातावरण विकसित किया गया है।
कर्मेस्टिया फार्म्स के मालिक पुनीत कुकरेजा ने फार्म के विकास और यहां अपनाई जा रही प्राकृतिक एवं टिकाऊ पहलों की जानकारी साझा की। फार्म में कंपोस्टिंग, बायोगैस, वर्षा जल संचयन, प्राकृतिक तालाब और बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया है। यहां जामुन, नीम, गूलर, कचनार, आम और अन्य देशी पेड़ लगाए गए हैं।
इन प्रयासों से फार्म अब विभिन्न पक्षियों और वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास बन रहा है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में गौरैया के अलावा कठफोड़वा, ग्रेटर कूकॉल, खरगोश, कछुए और अन्य जीव देखे जाते हैं।
कर्मेस्टिया फार्म्स को भविष्य में जैव विविधता और पर्यावरण शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन प्रकृति के प्रति प्रेम, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण की साझा जिम्मेदारी का संदेश लेकर आया।



