ललितपुर
एमडीआर शुल्क के विरोध में व्यापारियों ने मनाया नो यूपीआई डे
घंटाघर पर गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर व्यापारियों ने जताया विरोध

शुल्क समाप्त नहीं हुआ तो 10 अक्टूबर को डीएम कार्यालय पर देंगे धरना
15 अक्टूबर को काला दिवस मनाने का ऐलान, वित्त मंत्री व क्षेत्रीय सांसद को भेजेंगे ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को नगर के हृदयस्थल घंटाघर पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के आह्वान पर व्यापारियों ने नो यूपीआई डे मनाकर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट के विरोध में आवाज बुलंद की। कार्यक्रम से पूर्व व्यापारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। व्यापारियों ने यूपीआई के माध्यम से होने वाले कुछ व्यापारी लेन-देन पर लागू किए गए एमडीआर शुल्क को समाप्त करने की मांग उठाई। व्यापारियों ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था को बढ़ावा देने के बाद अब व्यापारियों पर अतिरिक्त भुगतान लागत डालना उनके लिए चिंता का विषय है। प्रदेश चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर ने कहा कि व्यापारी समाज एमडीआर शुल्क के विरोध में देशभर में नो यूपीआई डे के माध्यम से अपना विरोध दर्ज करा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का कहना है कि किराना, कपड़ा, हार्डवेयर, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटो पार्ट्स, खाद्यान्न, कृषि सामग्री, होटल-रेस्टोरेंट सहित विभिन्न कारोबारों में डिजिटल भुगतान की लागत बढऩे से व्यापारियों के मार्जिन पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को आशंका है कि आगे चलकर इस तरह की व्यवस्था का प्रभाव आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है। व्यापार मंडल ने केंद्र सरकार से एमडीआर शुल्क को समाप्त करने की मांग की है। व्यापारियों ने ऐलान किया कि यदि एमडीआर शुल्क समाप्त नहीं किया गया तो 10 अक्टूबर को जिलाधिकारी कार्यालय पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्रीय वित्त मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद को ज्ञापन भेजकर व्यापारियों की मांग से अवगत कराया जाएगा। व्यापार मंडल ने यह भी घोषणा की कि मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में 15 अक्टूबर को काला दिवस मनाया जाएगा। इसके बाद आंदोलन की अगली रणनीति व्यापार मंडल की बैठक में तय किए जाने की बात कही गई। केंद्र सरकार की आधिकारिक जानकारी के अनुसार नए यूपीआई ढांचे में सभी यूपीआई भुगतानों पर एक समान शुल्क नहीं लगाया गया है। व्यक्ति-से-व्यक्ति भुगतान निशुल्क रहेगा। वहीं 2 हजार से अधिक के निर्दिष्ट व्यक्ति-से-व्यापारी लेन-देन पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर लागू होगा। 75 हजार या उससे अधिक के लेन-देन पर एमडीआर 300 प्रति लेन-देन तक सीमित रहेगा। कुछ आवश्यक एवं कम-मार्जिन वाले क्षेत्रों में 2,000 से अधिक के लेन-देन के लिए 5 रुपये का फ्लैट एमडीआर निर्धारित किया गया है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि छोटे व्यापारियों के लिए कुछ शून्य-एमडीआर प्रावधान जारी रहेंगे और ग्राहकों से सीधे एमडीआर वसूलने का प्रावधान नहीं है। इस दौरान प्रदेश चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर, जिला महामंत्री अनिल जैन, महेश जैन, पंकज जैन, प्रदेश संगठन मंत्री अशोक जैन अनौरा, संजीव जैन कप्तान, मुकेश जैन, डा.प्रीतम सराफ, अभय जैन एड., मज्जू सोनी, अरविंद जैन, पवन जैन, राजीव पटवारी, पदमचंद जैन, पार्षद आलोक जैन मयूर, आईटी जिला अध्यक्ष अंकित सतभैया, उदयभान सिंह यादव, राजीव सुडेले, रिक्की जैन, शोभित समैया, विनोद जैन, अनूप जैन, अनुज जैन, अनिमेष जैन, अविरल जैन, अजय जैन, शुभम जैन, सुनील जैन, सुखदेव साहू, मनमोहन पटवा, जयनारायण शर्मा, बृजेंद्र साहू, रिंकू जैन, महेश सतभैया, संजीव जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।



