मथुरा
गोविंद नगर थाना क्षेत्र में रसोई में घुसने से मना करने पर वेटर ने शेफ पर चाकू से किया हमला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। गोविंद नगर थाना क्षेत्र में एक होटल की रसोई में घुसने से रोकने पर वेटर ने चीफ शेफ पर चाकू से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और चीफ शेफ को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार, चंदन तिवारी होटल डिविनिटी में चीफ शेफ हैं। वह होटल की किचन में ग्राहकों के लिए ऑर्डर तैयार कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान वेटर प्रशांत सिंह किचन में घुसने लगा। उन्होंने वेटर को बाहर रहने के लिए कहा तो वह नाराज हो गया। दोनों में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि प्रशांत ने पास रखे चाकू को उठाकर जान से मारने की नीयत से चंदन पर हमला कर दिया। चाकू लगने से वह लहूलुहान हो गए। होटल के अन्य कर्मचारियों ने उन्हें उपचार के लिए निजी पहुंचाया। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।



