मथुरा

नंदगांव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान को लेकर राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं में नाराजगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा के नंदगांव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के उस बयान को लेकर राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि हमने चवन्नी को रुपया बना दिया, तब भी छोड़कर चले गए। इस बयान के विरोध में बुधवार देर रात नंदगांव में रालोद कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक नगर अध्यक्ष चरण सिंह चौधरी के आवास पर हुई, जिसमें रालोद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे वापस लेने की मांग की। मंडल अध्यक्ष कुमार चंद रावत ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की तीन पीढ़ियों ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व का सहयोग किया है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के परिवार का सहयोग नहीं मिला होता तो मुलायम सिंह यादव का परिवार आज राजनीति में इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाता।  नगर अध्यक्ष चरण सिंह चौधरी ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में हुए गठबंधन से दोनों दलों को लाभ हुआ था। ऐसे में रालोद नेतृत्व को लेकर इस प्रकार की टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अपने बयान पर शर्मिंदगी महसूस करते हुए इसे वापस लेना चाहिए। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने कहा कि राजनीति में द्वेषपूर्ण और अपमानजनक बयान नहीं दिए जाने चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव के बयान  की घोर निंदा की। युवा रालोद के विधानसभा अध्यक्ष कमल चौधरी और पूर्व जिला उपाध्यक्ष लेखराज चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव चुनावी हार से बौखलाए हुए हैं और उन्हें जयंत चौधरी की कमी खल रही है। दोनों नेताओं ने सपा प्रमुख से अपना बयान वापस लेने की मांग की। बैठक में मौजूद रालोद कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि चौधरी चरण सिंह के परिवार और रालोद नेतृत्व के प्रति किसी भी प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर रुप मम्बर, भगत सिंह, श्याम दूधिया, देवीलाल, गंगाराम, तेजराम, संदीप, रोहित, नंदन, राहुल, विजेंद्र आदि मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button