कैराना
हरियाणा के रणजी खिलाड़ियों ने बढ़ाया भास्कर क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ियों का हौसला
परवेश दहिया और कृष्ण गोपाल शर्मा ने साझा किए क्रिकेट के अनुभव, जुनून और मेहनत से सफलता हासिल करने का दिया मंत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। भास्कर इंटरनेशनल स्कूल में संचालित भास्कर क्रिकेट एकेडमी में खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक मुलाकात का आयोजन हुआ। हरियाणा की ओर से क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके परवेश दहिया और कृष्ण गोपाल शर्मा ने एकेडमी के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें क्रिकेट की बारीकियों और खेल में सफलता के लिए जरूरी मेहनत के बारे में जानकारी दी।
परवेश दहिया हरियाणा बोर्ड की ओर से अंडर-23, रेड बुल वर्ल्ड कप और रणजी ट्रॉफी कैंप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। वहीं कृष्ण गोपाल शर्मा भी हरियाणा रणजी ट्रॉफी कैंप का हिस्सा रह चुके हैं। दोनों खिलाड़ियों ने भास्कर क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ियों को खेल के प्रति जुनून बनाए रखने, नियमित अभ्यास करने और लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में सफलता के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन, मेहनत और धैर्य बेहद जरूरी है। इस दौरान एकेडमी के खिलाड़ियों ने अतिथि खिलाड़ियों से क्रिकेट से जुड़े अनुभव साझा किए और उनके साथ संवाद कर महत्वपूर्ण टिप्स लिए। खिलाड़ियों ने दोनों अतिथियों का आभार जताते हुए भविष्य में भी एकेडमी में आकर मार्गदर्शन देने का आग्रह किया। कार्यक्रम में भास्कर ग्रुप के चेयरमैन नसीम कुरैशी एडवोकेट, डायरेक्टर एम.एफ. कुरैशी और क्रिकेट कोच परवीन कुमार ने परवेश दहिया और कृष्ण गोपाल शर्मा का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन युवा क्रिकेटरों के आत्मविश्वास और खेल कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।



